Advertisement

संविधान हमारा गौरव, अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी करें पालन

-संविधान हमारा गौरव, अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी करें पालन

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में गुरुवार को संविधान दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और न्याय, स्वतंत्रता, समता व बंधुता के मूल्यों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य कुलानुशासक प्रो. प्रसून दत्त सिंह ने की।

– सामूहिक पाठ से हुई शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना की शपथ के साथ हुई। प्रो. सिंह ने उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई। शिक्षकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने एक स्वर में प्रस्तावना का पाठ कर न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल मूल्यों के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई।

इसके बाद सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. सुजीत चौधरी ने स्वागत वक्तव्य दिया। उन्होंने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए संविधान दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला।

– कानून न्याय तक पहुँचने का साधन है

मुख्य वक्ता के रूप में बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के विधि विभाग के सहायक प्राध्यापक एवं विधि पदाधिकारी डॉ. मयंक कपिला उपस्थित थे।

उन्होंने कहा कि हमारा संविधान आर्थिक और सामाजिक क्रांति का दस्तावेज़ है। इसका निर्माण आसान नहीं था, संविधान निर्माताओं ने बड़ी चुनौतियों के बीच इसे आकार दिया।

कानून और न्याय के संबंध को समझाते हुए उन्होंने कहा कि कानून, न्याय के उद्देश्यों तक पहुँचने का एक साधन है। विद्यार्थियों से उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ हमें अपने कर्तव्यों पर भी उतना ही ध्यान देना होगा।

– संविधान हमारा है, इसे हमने बनाया है

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. प्रसून दत्त सिंह ने कहा, “संविधान हमारा है, इसे हमने बनाया है। हमने इसे अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया है। हमारा देश कैसे चले, यह हमने स्वयं तय किया है।”

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप वह युवा पीढ़ी हैं जो भारत के भविष्य का निर्माण करेगी। आपको यह समझना होगा कि संविधान को लागू करने वाले लोग अच्छे होंगे, तभी उसके परिणाम भी अच्छे होंगे।

उन्होंने कहा कि संविधान प्राकृतिक न्याय की भावना पर आधारित है और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का भी पूरा सम्मान करता है। आज हमें यह संकल्प लेना होगा कि कहीं अनजाने में भी हम इस विधि-व्यवस्था का दुरुपयोग न करने लगें।

उन्होंने आग्रह किया कि विद्यार्थी संविधान में आस्था रखें और इसे बार-बार पढ़ें, क्योंकि इसकी लंबी यात्रा में भारत के बदलते सामाजिक और आर्थिक परिदृश्य की झलक मिलती है। उन्होंने कहा, “संविधान हमारा गौरव है।”

कार्यक्रम के अंत में गांधी भवन परिसर के निदेशक प्रो. रंजीत चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुपम वर्मा ने किया।