Advertisement

संदिग्ध हालात में युवक का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

-संदिग्ध हालात में युवक का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

वैशाली, मोहन कुमार सुधांशु।

गोरौल थाना क्षेत्र के विशुनपुर अररा गांव में शनिवार को एक 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतक की पहचान प्रभु महतो के पुत्र नीरज कुमार उर्फ निरहुआ के रूप में की गई है।

बताया जा रहा है कि नीरज दो दिन पहले ही बाहर से गांव लौटा था। परिजनों का आरोप है कि रामदासपुर गांव के एक व्यक्ति से लेनदेन के विवाद के चलते उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई और शव को पेड़ से लटका दिया गया।

हालांकि पुलिस ने शव को मृतक के दरवाजे से बरामद किया है। अपर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार और अवर निरीक्षक अभय शंकर सिंह के अनुसार, परिजन कभी पंचायत की बात कह रहे थे तो कभी केस लड़ने की बात करते हुए हत्या का आरोप लगा रहे थे, लेकिन किसी का नाम स्पष्ट रूप से नहीं बता पाए।

शव को कब्जे में लेने में भी परिजन बाधा डाल रहे थे, लेकिन पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष से आवेदन नहीं मिला है और ना ही किसी का नाम सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।