-श्रावणी मेला 2026 को लेकर मुजफ्फरपुर प्रशासन हाई अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत
मुजफ्फरपुर, 30 जुलाई 2026। आगामी श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को जिलाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने द्वारकानाथ उच्च विद्यालय परिसर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सेवा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ प्रबंधन के दौरान संयम, शालीनता और संवेदनशीलता बनाए रखें तथा कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला पूरी तरह दुर्घटना-मुक्त होना चाहिए और सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।
प्रशासन ने बाबा गरीबनाथ मंदिर से लेकर फकुली मोड़ तक सभी प्रमुख चौक-चौराहों, कांवरिया पथ और ठहराव स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम तथा लगातार पुलिस पेट्रोलिंग के माध्यम से की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से मेला की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कांवरिया पथ को सुगम बनाया गया है तथा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बिजली, शौचालय, चिकित्सा शिविर और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। मेला अवधि के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा भी की जाएगी।
श्रावणी मेला के दौरान पूर्व निर्धारित ट्रैफिक प्लान के अनुसार प्रत्येक शनिवार दोपहर 2 बजे से सोमवार दोपहर 2 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इस अवधि में रामदयालु नगर, कच्ची-पक्की चौक, गोबरसही चौक, भगवानपुर पुल, बैरिया गोलंबर, जीरो माइल, मिठनपुरा चौक और बनारस बैंक चौक से आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं सरैयागंज टावर से गांधी चौक, छाता चौक, माखन साह चौक और पुरानी बाजार चौक तक का पूरा क्षेत्र सभी प्रकार के वाहनों के लिए नो-एंट्री जोन रहेगा।
कांवरियों के वाहनों की पार्किंग लंगट सिंह महाविद्यालय परिसर, सरकारी बस स्टैंड इमलीचट्टी और बैरिया बस पड़ाव में की गई है। मुजफ्फरपुर से पटना और पटना से मुजफ्फरपुर आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में पटना रोड पर वाहनों का प्रवेश नहीं होगा।
संयुक्त ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा, नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक मोहिबुल्ला अंसारी, अपर समाहर्ता (राजस्व) प्रशांत कुमार, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) सुधीर कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता (आपदा) शैलेश कुमार चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी आनंद उत्सव, अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी डॉ. आकांक्षा आनंद सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












