-शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग वाले आंदोलन का भाकपा-माले ने किया समर्थन, ग्रामीणों पर टैक्स के खिलाफ तेज होगा आंदोलन
समस्तीपुर, 9 जुलाई। भाकपा(माले) समस्तीपुर जिला कमिटी की बैठक बुधवार को शहर के मालगोदाम चौक स्थित जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्य कमिटी सदस्य ललन कुमार ने की, जबकि संचालन जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार ने किया। बैठक की शुरुआत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं नंदकिशोर प्रसाद, आर.एन. ठाकुर एवं प्रेम सिंह गहलावत को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य एवं मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था पर माफियाओं का कब्जा बढ़ा है तथा शिक्षा का लगातार बाजारीकरण किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को बचाने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के प्रति भाकपा(माले) का समर्थन जताया।

धीरेंद्र झा ने बिहार सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब परिवारों पर हॉल्डिंग टैक्स समेत विभिन्न कर लगाए जाने के फैसले को जनविरोधी बताते हुए कहा कि इसके खिलाफ पूरे बिहार में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय कमिटी सदस्य मंजू प्रकाश ने कहा कि जिले की दलित एवं गरीब बस्तियों के नियमितीकरण, टोले तक पहुंच पथ के निर्माण और गरीबों की घरारी बचाने के मुद्दे पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खेग्रामस के माध्यम से जिले में एक लाख ग्रामीण गरीबों को सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
बैठक में जिला कमिटी सदस्य अजय कुमार, महावीर पौदार, दिनेश कुमार सिंह, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, जीवछ पासवान, उपेंद्र राय, रौशन कुमार, रामचंद्र पासवान, रंजीत राम, जयंत कुमार, महेश कुमार, अनिल कुमार चौधरी, मो. दुलारे, राम विनय पासवान, समीम मंसूरी समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे। बैठक में संगठन विस्तार और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया।












