Advertisement

शिक्षा मंत्री का बड़ा निर्देश, 24 घंटे में शिक्षकों-कर्मचारियों का प्रतिनियोजन रद्द करने का आदेश

-शिक्षा मंत्री का बड़ा निर्देश, 24 घंटे में शिक्षकों-कर्मचारियों का प्रतिनियोजन रद्द करने का आदेश

मुजफ्फरपुर। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने को लेकर बड़ा निर्देश जारी किया है। गुरुवार को मुजफ्फरपुर परिसदन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) को शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रतिनियोजन को 24 घंटे के भीतर रद्द करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने आरडीडीई को नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहने को भी कहा, ताकि शिक्षा विभाग से जुड़े प्रशासनिक कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

समीक्षा बैठक में मॉडल स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और निर्धारित मानकों के पालन में लापरवाही का मामला भी सामने आया। शिक्षा मंत्री ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया।

वहीं, बेंच-डेस्क, सबमर्सिबल और वर्ग कक्ष निर्माण से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मामला भी बैठक में उठा। इस पर शिक्षा मंत्री ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) से संबंधित सभी संचिकाएं और दस्तावेज तलब कर जांच के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा मध्याह्न भोजन योजना में अनियमितताओं के मामलों पर भी विभाग सख्त नजर आ रहा है। शिक्षा विभाग द्वारा संबंधित मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया तेज किए जाने की बात कही जा रही है।

शिक्षा मंत्री के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग में प्रशासनिक गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई जा रही है।