Advertisement

विकास आयुक्त ने मंगल सेमिनरी स्कूल का किया निरीक्षण, छात्रों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

-विकास आयुक्त ने मंगल सेमिनरी स्कूल का किया निरीक्षण, छात्रों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। बिहार के विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने शुक्रवार को जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के साथ मोतिहारी स्थित मंगल सेमिनरी प्लस टू विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं और विद्यार्थियों के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विकास आयुक्त ने क्लासरूम, आईसीटी लैब, आधुनिक पुस्तकालय, कंप्यूटर क्लास और विज्ञान प्रयोगशाला का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में संचालित आईआईटी-जेईई और नीट की कक्षाओं की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, सुविधाओं और शैक्षणिक अनुभव के बारे में जानकारी प्राप्त की।


विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने कहा कि बिहार सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में आवश्यक संसाधन मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों और कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।