-विकास आयुक्त ने ओबीईबीओ क्लॉथिंग इकाई का किया निरीक्षण, 11 करोड़ के निवेश से 350 लोगों को रोजगार
मोतिहारी/राजन द्विवेदी। बिहार के विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने पूर्वी चंपारण में संचालित ओबीईबीओ क्लॉथिंग इकाई का भ्रमण कर उत्पादन, रोजगार और विस्तार की संभावनाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विकास आयुक्त ने फैक्ट्री में चल रही उत्पादन गतिविधियों, मशीनों, इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने इकाई के संचालक आदर्श कुमार से भी विस्तार से बातचीत की। संचालक ने बताया कि इकाई में अब तक करीब 11 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है और वर्तमान में 350 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे हैं।
इकाई में 250 से अधिक सिलाई मशीन और दो एम्ब्रॉयडरी मशीनें लगी हैं। यहां प्रतिदिन करीब एक हजार पीस वॉशिंग और तीन हजार पीस प्रिंटिंग की क्षमता है। फैक्ट्री में टी-शर्ट, शर्ट, जींस, पोलो टी-शर्ट, कुर्ता-पायजामा, लेडीज कुर्ती और लोअर समेत विभिन्न प्रकार के परिधानों का निर्माण किया जा रहा है।

संचालक ने बताया कि कंपनी अपने दो ब्रांड जीम जैक और नुस्काहारा के अलावा अन्य बड़े ब्रांडों के लिए भी जॉब वर्क करती है। बढ़ते ऑर्डर को देखते हुए सोमवार से 400 नए कर्मचारियों की बहाली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वर्तमान में इकाई को हर महीने करीब 1.5 लाख परिधानों की आपूर्ति का ऑर्डर मिला हुआ है।
विकास आयुक्त ने इकाई की कार्यप्रणाली और रोजगार सृजन की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की औद्योगिक इकाइयां स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ जिले के औद्योगिक विकास को भी गति देती हैं।
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि जिले में उद्योग और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। मौके पर सहायक समाहर्ता, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, जिला योजना पदाधिकारी, एसडीएम और एसडीपीओ ढाका सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।














