Advertisement

लीची बगान में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

-लीची बगान में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर/कांटी। कांटी थाना क्षेत्र के बीरपुर पंचायत स्थित खजुरी लीची बगान में कल एक 38 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मृतक की पहचान खजुरी निवासी महादेव महतो के पुत्र संजीव महतो के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने शव को पेड़ से लटका देखा तो इसकी सूचना तत्काल डायल 112 और कांटी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की बहन ने बताया कि सुबह ही उसकी संजीव महतो से बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान उसने घर आने की बात कही थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर मिलने से पूरा परिवार सदमे में है।


संजीव महतो अपने पीछे पत्नी शकुंतला देवी, छह वर्षीय पुत्र सिद्धांत कुमार और नौ वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह दृश्य देखकर गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
मृतक की पत्नी शकुंतला देवी ने अपने ही एक पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों के बीच चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है।