Advertisement

रेड लाइट एरिया के बच्चों के भविष्य संवार रही ‘पुलिस पाठशाला’, SBI ने बढ़ाया सहयोग

-रेड लाइट एरिया के बच्चों के भविष्य संवार रही ‘पुलिस पाठशाला’, SBI ने बढ़ाया सहयोग

मुजफ्फरपुर।मुजफ्फरपुर के कन्हौली टीओपी में चल रही ‘पुलिस पाठशाला’ आज समाज में बदलाव की मिसाल बनती जा रही है। कभी पुलिस को देखकर डरकर भागने वाले रेड लाइट एरिया के बच्चे अब पुलिस अधिकारियों से शिक्षा ग्रहण कर अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

रेड लाइट एरिया के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘पुलिस पाठशाला’ अब एक बड़े सामाजिक अभियान का रूप ले चुकी है। यहां अलग-अलग दिनों में पुलिस अधिकारी पहुंचकर बच्चों की क्लास लेते हैं और उन्हें शिक्षा के साथ बेहतर जीवन के लिए प्रेरित करते हैं।

रविवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत बच्चों को पढ़ाई की सामग्री वितरित की। साथ ही बच्चों की सुविधा के लिए कंप्यूटर और आरओ वाटर कूलर भी उपलब्ध कराया गया। इस दौरान बच्चों को बैंक पासबुक भी सौंपा गया, ताकि वे बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ सकें और आर्थिक रूप से जागरूक बनें।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे SBI के चीफ जनरल मैनेजर अनुराग जोशी ने ‘पुलिस पाठशाला’ की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इस प्रयास से बच्चों की शिक्षा और भविष्य दोनों मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां पढ़ने वाले बच्चे आगे चलकर बैंकिंग क्षेत्र के साथ-साथ सिविल सेवा जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बनाएंगे।

‘पुलिस पाठशाला’ में बच्चों को केवल किताबों की शिक्षा ही नहीं दी जा रही, बल्कि उन्हें समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने और आत्मनिर्भर बनने के लिए भी तैयार किया जा रहा है। पुलिस और समाज के संयुक्त प्रयास से यह पहल अब बदलाव की नई कहानी लिख रही है।