Advertisement

राज्यपाल के आगमन पर एलएस कॉलेज के मुख्य द्वार पर हंगामा, ज्ञापन देने को लेकर छात्र की सुरक्षाकर्मियों से झड़प

-राज्यपाल के आगमन पर एलएस कॉलेज के मुख्य द्वार पर हंगामा, ज्ञापन देने को लेकर छात्र की सुरक्षाकर्मियों से झड़प

मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय अंतर्गत लंगट सिंह (एलएस) कॉलेज में राज्यपाल के आगमन के दौरान शुक्रवार को मुख्य द्वार पर अचानक हंगामा हो गया। राज्यपाल कॉलेज परिसर में आयोजित प्रतिमा अनावरण समारोह और छात्र संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान एक छात्र अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन लेकर अंदर जाने का प्रयास करने लगा। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों ने उसे मुख्य द्वार पर ही रोक दिया, जिसके बाद छात्र और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
राज्यपाल के आगमन को लेकर कॉलेज परिसर और मुख्य द्वार पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। राज्यपाल का काफिला जैसे ही कॉलेज परिसर में दाखिल हुआ, छात्र ज्ञापन सौंपने के लिए अंदर जाने की जिद करने लगा। सुरक्षाकर्मियों ने प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए उसे प्रवेश की अनुमति नहीं दी।

इससे नाराज छात्र सुरक्षाकर्मियों से उलझ गया। देखते ही देखते मामला बहसबाजी से खींचतान और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। छात्र जबरन अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था, जिसे सुरक्षा बलों ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान मुख्य द्वार पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
अचानक हुए घटनाक्रम से वहां मौजूद अन्य छात्र और आगंतुक भी सकते में आ गए। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने छात्र को नियंत्रित कर मुख्य द्वार से हटाकर किनारे कर दिया। इसके बाद प्रवेश द्वार पर स्थिति सामान्य हुई और राज्यपाल का कार्यक्रम निर्धारित तरीके से जारी रहा।