Advertisement

राजापाकर: सड़क की बदहाली से नाराज़ ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन, घुटनों तक कीचड़ में खड़े होकर जताया आक्रोश

-राजापाकर: सड़क की बदहाली से नाराज़ ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन, घुटनों तक कीचड़ में खड़े होकर जताया आक्रोश

-20 वर्षों से बदहाल है सड़क, फिसलने से छात्रा का पैर टूटा; ग्रामीणों ने मुखिया पर लगाया आरोप

राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)।

प्रखंड के बखरी बड़ाई पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 01 चौसीमा कल्याणपुर दक्षिणी टोला में सड़क की बदहाली को लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीण घुटनों तक भरे कीचड़ में खड़े होकर नारेबाजी करते हुए सड़क की स्थिति सुधारने की मांग कर रहे थे।

ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के चलते सड़क की हालत और भी खराब हो गई है। जगह-जगह जलजमाव हो गया है, जिससे लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। खासकर छोटे बच्चों और विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

छात्रा श्रेया कुमारी घायल:

ग्रामीण सुचित कुमार ने बताया कि पास में स्थित निजी विद्यालय दी एसपीएस स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा श्रेया कुमारी हाल ही में स्कूल जाते समय कीचड़ में फिसलकर गिर गई, जिससे उसका पैर टूट गया। उन्होंने पंचायत के मुखिया पर आरोप लगाया कि जानबूझकर सड़क निर्माण की अनदेखी की जा रही है।

 

20 साल से नहीं बदली तस्वीर:

स्थानीय महिला रिंकू देवी ने कहा, “हर साल हम लोग कीचड़ और गड्ढों से होकर गुजरते हैं। बारिश में तो हाल और भी बुरा हो जाता है। दोपहिया वाहन से लेकर पैदल चलने वाले लोग तक आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं।”

मुखिया ने दी सफाई:

बखरी बड़ाई पंचायत के मुखिया अरशद हुसैन ने कहा कि उक्त सड़क को योजना में शामिल कर लिया गया है और संबंधित अधिकारी से लगातार संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

प्रदर्शन में शामिल रहे:

रिंकू देवी, सविता देवी, शैली देवी, पानपरी देवी, जलेश्वर राय, सुचित कुमार, संजय राय, चंदन कुमार, प्रदीप राय, उमानाथ राय सहित दर्जनों ग्रामीण।

#सड़कबदहाल #विरोधप्रदर्शन #राजापाकर #बखरीबड़ाई #जनआक्रोश #श्रेयाकुमारी #कीचड़_जलजमाव #DSPSविद्यालय