Advertisement

राजापाकर में तेज आंधी-तूफान व मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बिजली आपूर्ति ठप

-राजापाकर में तेज आंधी-तूफान व मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बिजली आपूर्ति ठप

राजापाकर (वैशाली)। संजय श्रीवास्तव।

सोमवार की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इस अचानक बदले मौसम ने पूरे इलाके में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया।

तेज बारिश और घने काले बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया, जिससे माहौल रात जैसा प्रतीत होने लगा। सड़कों पर चल रहे वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा, वहीं बारिश से भीगी सड़कों पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

आंधी-तूफान के बीच सबसे बड़ी समस्या बिजली कटौती की रही। तेज हवाओं के कारण कई जगह बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए या पेड़ गिरने से आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। खबर लिखे जाने तक क्षेत्र के अधिकांश गांव अंधेरे में डूबे रहे और लोग मोमबत्ती व टॉर्च के सहारे समय बिताने को मजबूर हैं।

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मौसम सामान्य होते ही मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। इधर, लगातार हो रही तेज बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अचानक आए इस तूफान और बारिश के कारण दफ्तरों से लौट रहे कई लोग रास्ते में ही फंस गए, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।