Advertisement

राजापाकर में कृषि चौपाल आयोजित, किसानों को जैविक खेती व धान की नई तकनीक की दी गई जानकारी

-राजापाकर में कृषि चौपाल आयोजित, किसानों को जैविक खेती व धान की नई तकनीक की दी गई जानकारी

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। कृषि विभाग के तत्वावधान में सोमवार को राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में प्रखंड स्तरीय कृषि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, आधुनिक खेती तथा जैविक कृषि के लाभों की जानकारी दी गई।
कृषि चौपाल का आयोजन रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई पंचायत के पंचायत भवन परिसर तथा बेरई पंचायत के दामोदरपुर गांव में अजय पासवान के घर के समीप किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने श्री विधि (एसआरआई) से धान की खेती की नई तकनीक के बारे में बताते हुए कहा कि इस पद्धति से कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने किसानों से जैविक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि रासायनिक खेती के अत्यधिक प्रयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति धीरे-धीरे समाप्त हो रही है। ऐसे में किसानों को जैविक खाद एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना चाहिए। इससे न केवल मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहती है, बल्कि कम लागत में बेहतर उत्पादन भी प्राप्त होता है।
कृषि अधिकारियों ने बताया कि रासायनिक उर्वरकों की अपेक्षा जैविक खाद का उपयोग किसानों के लिए अधिक किफायती एवं पर्यावरण के अनुकूल है। चौपाल में उपस्थित किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से खेती से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर समाधान भी प्राप्त किया।
इस अवसर पर जिला से आए प्रखंड नोडल पदाधिकारी एवं मिट्टी जांच प्रयोगशाला हाजीपुर के सहायक अनुसंधान पदाधिकारी अरविंद रविदास, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य, उद्यान पदाधिकारी मनोज कुमार पनासिया, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक रौनी कुमार, कृषि सलाहकार रंजीत राम, संजय कुमार सहित अनेक महिला एवं पुरुष प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।