-राजापाकर की दो पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, 49 आवेदन प्राप्त, 39 का मौके पर हुआ निष्पादन
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत राजापाकर उत्तरी एवं राजापाकर दक्षिणी पंचायत में मंगलवार को पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर आम लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।
राजापाकर उत्तरी पंचायत के पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी, राजस्व विभाग, आपूर्ति विभाग, आवास योजना, आरटीपीएस समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों की आंखों की जांच कर जरूरतमंदों के बीच चश्मों का वितरण भी किया गया।
शिविर का निरीक्षण जिला से पहुंचे अपर समाहर्ता मैत्री सिंह ने किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि शिविर में कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 21 का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष सात मामलों का समाधान अगले शिविर में किया जाएगा।
वहीं, राजापाकर दक्षिणी पंचायत के बंघारा स्थित सामुदायिक भवन परिसर में भी सहयोग शिविर आयोजित किया गया। यहां स्वास्थ्य, पीएचईडी, राजस्व, आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। शिविर में आम लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही और लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन विभिन्न विभागों को सौंपे।

राजस्व पदाधिकारी जूली कुमारी ने बताया कि शिविर में कुल 21 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 18 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों का समाधान आगामी शिविर में किया जाएगा।
राजापाकर उत्तरी पंचायत के शिविर में अंचलाधिकारी गौरव कुमार, बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह, बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार, मुखिया सरिता पटेल, मुकेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। वहीं दक्षिणी पंचायत के शिविर में मुखिया प्रमिला देवी, राजस्व पदाधिकारी जूली कुमारी, थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा, जयपत प्रसाद सिंह, राजीव कुमार, रंजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी के शिविर में पहुंचने की संभावना थी, लेकिन उनके दयालपुर पंचायत के दौरे, समयाभाव तथा वर्षा के कारण वे राजापाकर के शिविर में नहीं पहुंच सके।












