Advertisement

मौसम बदलेगा मिजाज, उत्तर बिहार में हल्के बादल और कहीं-कहीं बारिश के आसार

-मौसम बदलेगा मिजाज, उत्तर बिहार में हल्के बादल और कहीं-कहीं बारिश के आसार

समस्तीपुर/पूसा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा की ओर से जारी मौसम बुलेटिन में 19 से 23 सितंबर के बीच उत्तर बिहार के अधिकांश इलाकों में मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना जताई गई है। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, अधिकांश जगहों पर मौसम के सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
पूर्वानुमान के अनुसार इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 55 से 60 प्रतिशत तक सापेक्ष आर्द्रता रहने की संभावना है। हवा पूर्वी या दक्षिण-पूर्वी दिशा से 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती है।


पिछले तीन दिनों के मौसम का आकलन करते हुए कृषि मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अधिकतम तापमान का औसत 33.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इस अवधि में 21 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। औसत दैनिक वाष्पीकरण 3.4 मिलीमीटर और सूर्य प्रकाश की अवधि करीब 5.8 घंटे प्रतिदिन रही।
किसानों को फसल प्रबंधन की सलाह
मौसम को देखते हुए किसानों को फसलों में आवश्यक कृषि कार्य समय पर पूरा करने की सलाह दी गई है। मक्का की फसल में टेसलिंग से सिल्किंग अवस्था के दौरान नत्रजन की अंतिम मात्रा देने को कहा गया है। शकरकंद की बुआई के लिए जल निकास वाली हल्की बलुई दोमट भूमि का चयन करने की सलाह दी गई है।
कृषि वैज्ञानिकों ने वर्तमान समय में मूली और मिश्रीकंद की बुआई करने तथा पपीते की नर्सरी तैयार करने की भी सलाह दी है। पपीते के पौधों को मुख्य खेत में लगाने से पहले बीज उपचार और स्वस्थ पौधों के चयन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
वैज्ञानिकों ने किसानों से मौसम पूर्वानुमान के अनुरूप सिंचाई, खाद एवं अन्य कृषि कार्यों की योजना बनाने की अपील की है।