Advertisement

मोतीपुर में अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के नए नेत्र क्लिनिक का उद्घाटन

-मोतीपुर में अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के नए नेत्र क्लिनिक का उद्घाटन

मुजफ्फरपुर।दीपक।जिले के मोतीपुर के मिश्रौलिया (बरूराज रोड) चौक स्थित अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के नए नेत्र क्लिनिक का उद्घाटन थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने किया। उद्घाटन के मौके पर उन्होंने कहा कि यह अस्पताल क्षेत्र के लोगों के जीवन में रोशनी लाने का कार्य करेगा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है।
थानाध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि अस्पताल में आध्यात्मिकता और आधुनिक चिकित्सा का सुंदर समन्वय देखने को मिला। यहां बुजुर्गों की सेवा के साथ-साथ बच्चों को बेहतर नेत्र सुविधा मिलेगी। गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे समाज के कमजोर वर्ग को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस पहल से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।


अस्पताल के महाप्रबंधक सुमित कुमार ने बताया कि यह क्लिनिक नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को प्राथमिक नेत्र देखभाल सेवाएं प्रदान करेगा। यहां चश्मा वितरण की सुविधा भी उपलब्ध होगी। जिन मरीजों को नेत्र शल्य चिकित्सा की आवश्यकता होगी, उन्हें सारण जिले के मस्तीचक स्थित अखंड ज्योति नेत्र अस्पताल में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि क्लिनिक टेली-ऑफ्थाल्मोलॉजी जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिससे दूर-दराज के मरीजों को भी विशेषज्ञ परामर्श मिल सकेगा। संस्था बिहार के कोने-कोने तक नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर जाने की जरूरत न पड़े।
सुमित कुमार ने जानकारी दी कि अखंड ज्योति हर साल करीब 1.90 लाख नेत्र रोगियों का ऑपरेशन करता है, जिसमें 80 प्रतिशत गरीब और असहाय मरीजों का निःशुल्क इलाज किया जाता है।
इस अवसर पर नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मी कुमारी, अमित कुमार, स्वाति, निक्की, पिंकी कुमारी सहित कई लोग उपस्थित रहे।