-मैठी टोल प्लाजा प्रबंधन के खिलाफ ट्रक चालक संघ ने खोला मोर्चा
मुजफ्फरपुर। गायघाट थाना क्षेत्र स्थित मैठी टोल प्लाजा प्रबंधन की कथित मनमानी और नियमों की अनदेखी के खिलाफ ट्रक चालक एसोसिएशन संघ ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को संघ के सदस्यों ने गायघाट थाने पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। संघ का आरोप है कि टोल प्रबंधन द्वारा निर्धारित नियमों की अनदेखी करते हुए स्थानीय मार्गों पर अवैध बैरियर लगाए गए हैं और इन बैरियरों पर ट्रक चालकों से जबरन नकद राशि की वसूली की जा रही है।
संघ के जिला सलाहकार सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि मैठी-पिलखी मार्ग पर हनुमान मंदिर, बेरुआ ढलान कट और मैठी चौक के समीप अवैध बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जाता है। चालकों से कथित तौर पर जबरन राशि ली जाती है और इसके बदले कोई वैध रसीद नहीं दी जाती। राशि देने से इनकार करने पर चालकों के साथ बदसलूकी, मारपीट और छिनतई किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

संघ ने 13 अगस्त की एक घटना का हवाला देते हुए बताया कि एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर पांच हजार रुपये नकद और सोने की चेन छीन ली गई। संघ के अनुसार, इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। इसके अलावा आरोप लगाया गया कि जब चालक नकद राशि देने से इनकार करते हैं तो वाहनों को कथित तौर पर जबरन टोल प्लाजा ले जाया जाता है और फास्टैग से राशि काट ली जाती है।
ट्रक चालक एसोसिएशन ने इस पूरी व्यवस्था को एनएचएआई के कैशलेस और पारदर्शी टोल नियमों के विपरीत बताते हुए जांच की मांग की है। संघ का कहना है कि स्थानीय मार्गों पर बैरियर लगाकर की जा रही कथित वसूली से चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गायघाट थानाध्यक्ष जेपी गुप्ता ने बताया कि ट्रक चालकों की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विरोध प्रदर्शन के दौरान मो. अरमान, पप्पू कुमार, अनिल कुमार, राकेश कुमार, शिबू कुमार, नवीन कुमार, राजीव कुमार, मो. अतानुल और शिवजी राय समेत कई ट्रक चालक मौजूद रहे।












