-मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल दिवस का आयोजन, छात्रों ने कबड्डी-खो-खो समेत कई पारंपरिक खेलों में लिया हिस्सा
भागलपुर। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में शनिवार 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर खेल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, उपप्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह, रतन कुमार पाठक एवं सभी आचार्यों ने संयुक्त रूप से मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि बच्चों को खेलना पसंद होता है, लेकिन वर्तमान समय में खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है। खेल के माध्यम से विद्यार्थी अपना करियर भी बना रहे हैं और जीवन में सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल के प्रति रुचि रखने वाले छात्र अनुशासन, मेहनत और प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ जीवन में आगे बढ़ सकते हैं।
प्रधानाचार्य ने मेजर ध्यानचंद को खेल प्रेमियों के लिए आदर्श और अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से भी विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी पहल खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती है।

खेल दिवस के अवसर पर विद्यालय के छात्रों को विभिन्न पारंपरिक खेलों से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों ने कबड्डी, खो-खो, गिल्ली-डंडा, जलेबी दौड़, पिट्ठू और रस्सी कूद समेत कई खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन खेलों के माध्यम से बच्चों में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक विकास में उनकी भूमिका के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, राजीव लोचन झा, अवधेश कुमार, कुमारी सविता, प्रभा झा, डॉ. संजीव कुमार झा, सिद्धार्थ कुमार सिंह समेत विद्यालय के सभी आचार्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












