Advertisement

राजापाकर में राजमिस्त्रियों को भूकंपरोधी भवन निर्माण का प्रशिक्षण, सफल प्रशिक्षुओं को मिलेगा सेफ्टी किट

-राजापाकर में राजमिस्त्रियों को भूकंपरोधी भवन निर्माण का प्रशिक्षण, सफल प्रशिक्षुओं को मिलेगा सेफ्टी किट

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। प्रखंड कार्यालय राजापाकर के सभागार में आपदा विभाग की ओर से विभिन्न पंचायतों के राजमिस्त्रियों को भूकंपरोधी भवन निर्माण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 25 अगस्त से शुरू हुआ है, जो 4 सितंबर तक चलेगा। प्रशिक्षण के बाद दो दिनों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सफल राजमिस्त्रियों को सेफ्टी किट प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण शिविर के मास्टर ट्रेनर मनीष कुमार सिंह ने बताया कि सेफ्टी किट में जूता, हेलमेट, हथौड़ा, करनी, बसुली, साहुल सहित भवन निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले आवश्यक उपकरण शामिल होंगे। प्रशिक्षण में प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से कुल 30 राजमिस्त्री भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। साथ ही 10 दिनों के प्रशिक्षण के लिए प्रतिदिन 700 रुपये की दर से कुल 7 हजार रुपये मानदेय का भुगतान किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर ने राजमिस्त्रियों को भूकंपरोधी भवन निर्माण की तकनीकी जानकारी दी। इसमें भवन निर्माण से पहले लेआउट तैयार करने, भूमि की जांच कराने और मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार निर्माण कार्य करने के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि बिहार के भूकंपीय जोन के अनुसार भवन निर्माण की तकनीक अपनाना जरूरी है।


प्रशिक्षुओं को बताया गया कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले जमीन की जांच की जानी चाहिए। दलदली अथवा कमजोर जमीन पर बिना आवश्यक सुधार के भवन निर्माण नहीं किया जाना चाहिए। भवन की मिट्टी की जांच के बाद ड्राइंग के अनुसार निर्माण कार्य करने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान राजमिस्त्रियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण यानी पीपीई का इस्तेमाल करते हुए कार्य करने की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा 50 से 60 वर्ष पुराने मकानों की मजबूती की जांच एवं उनकी रिपेयरिंग किस प्रकार की जाए, इसकी तकनीक भी समझाई गई।
आपदा विभाग की ओर से सभी प्रशिक्षणार्थियों को एक पुस्तिका भी उपलब्ध कराई गई है, जिसमें भूकंपरोधी मकान के निर्माण से जुड़ी विभिन्न तकनीकी जानकारियां दी गई हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्थानीय राजमिस्त्रियों को सुरक्षित एवं मजबूत भवन निर्माण की आधुनिक तकनीक से अवगत कराना है।
प्रशिक्षण शिविर में मास्टर ट्रेनर मनीष कुमार सिंह के अलावा राजमिस्त्रियों में अजय राय, शिवराज कुमार, अशोक कुमार दास, संजीव राम, राजेश राय, अमरनाथ कुमार, रोशन कुमार, चंद्रलोक कुमार, देवाशीष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।