Advertisement

कांटी कोठियां गोलीकांड का पुलिस ने किया त्वरित उद्भेदन, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार

-कांटी कोठियां गोलीकांड का पुलिस ने किया त्वरित उद्भेदन, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर/कांटी। कांटी थाना क्षेत्र के कोठियां स्थित एनटीपीसी के लैगून वन के प्रतिबंधित इलाके में दिनदहाड़े हुई शंभू सहनी हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कांटी थाना क्षेत्र निवासी राजा कुमार और पप्पू चौरसिया के रूप में हुई है। मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

शनिवार को कांटी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी ने हत्याकांड के उद्भेदन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते बुधवार को कोठियां गांव निवासी शंभू सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी के आवेदन पर तीन लोगों के खिलाफ कांटी थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल की एफएसएल जांच भी कराई थी।

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देशन और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह प्रभाकर के अनुश्रवण में एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और गिरफ्तार आरोपितों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर हत्या की वजह नशा करने और पैसे के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। इसी विवाद के बाद शंभू सहनी की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मृतक की पत्नी ने भी अपने लिखित आवेदन में विवाद के इसी कारण का उल्लेख किया था।

पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस निरीक्षक सह कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।