-मुजफ्फरपुर में BSPHCL के CMD अजय यादव ने बिजली व्यवस्था का लिया जायजा, ट्रिपिंग और विद्युत हानि कम करने के दिए निर्देश
मुजफ्फरपुर, 13 सितंबर। बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव ने मुजफ्फरपुर में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, ट्रिपिंग और निर्बाध बिजली आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने रात्रि विश्राम के दौरान ही शहर में विद्युत आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया।
रविवार सुबह सीएमडी ने खबरा पावर सब-स्टेशन और भिखनपुरा ग्रिड सब-स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता, बार-बार होने वाली ट्रिपिंग, तकनीकी समस्याओं और विद्युत हानि को कम करने के उपायों की समीक्षा की। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए खबरा परिसर की करीब 19.96 एकड़ भूमि के समुचित उपयोग एवं विकास को लेकर भी चर्चा की गई।

इसके बाद सीएमडी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बोचहां प्रखंड की माधोपुर पंचायत में ULA के अंतर्गत स्थापित रूफटॉप सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। इसके साथ ही रामदयालु नगर स्थित सिद्धार्थ कॉलोनी में एक साथ स्थापित दो दर्जन से अधिक सोलर प्लांटों का भी जायजा लिया। उन्होंने इस मॉडल को अन्य क्षेत्रों में लागू कर “सोलर कॉलोनी” विकसित करने पर जोर दिया।
सीएमडी ने सिटी लैब का निरीक्षण करने के साथ जिलाधिकारी के साथ वृक्षारोपण भी किया। इसके बाद समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी की उपस्थिति में JE, AEE, EEE और सोलर वेंडरों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में O&M, राजस्व, ट्रिपिंग, विद्युत हानि और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की सेक्शनवार, सब-डिवीजनवार तथा डिवीजनवार समीक्षा की गई। सीएमडी अजय यादव ने अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति को और अधिक विश्वसनीय बनाने, ट्रिपिंग एवं विद्युत हानि को कम करने तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के निर्धारित लक्ष्यों को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए।












