-मुजफ्फरपुर में शर्मनाक तस्वीर: स्कूल के बच्चों से ढुलवाए गए बेंच-डेस्क, वीडियो वायरल
मुजफ्फरपुर | रिपोर्ट:
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कुढ़नी प्रखंड स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय सोनवर्षा में बच्चों से पढ़ाई के बजाय मजदूरी कराए जाने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने मासूम बच्चे ट्रक से बेंच-डेस्क उतारते और उन्हें नए भवन तक ढोते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि 28 अप्रैल को स्कूल के पुराने भवन से नए भवन में फर्नीचर शिफ्ट किया जा रहा था। इस काम के लिए विभाग की ओर से मजदूरों की व्यवस्था की जानी थी, लेकिन आरोप है कि खर्च बचाने के लिए बच्चों से ही यह काम करा लिया गया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि छोटे-छोटे बच्चे, जिनके हाथों में किताबें होनी चाहिए थीं, वे भारी बेंच-डेस्क उठाकर ट्रक से नीचे उतार रहे हैं। यह दृश्य स्कूल से ज्यादा किसी मजदूरी स्थल का प्रतीत हो रहा है। इस घटना ने सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच की खाई को उजागर कर दिया है।

मामले पर जब स्कूल के प्रधानाध्यापक से सवाल किया गया, तो उन्होंने खुद को इससे अनभिज्ञ बताते हुए कहा कि बच्चे अपनी मर्जी से सामान उठा रहे थे। हालांकि, इस दलील पर स्थानीय लोग और अभिभावक सवाल उठा रहे हैं कि बिना किसी निर्देश के बच्चे ऐसा काम कैसे कर सकते हैं।
घटना को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि बच्चों से इस तरह मजदूरी कराना न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ भी है। फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच की बात कही जा रही है। अब देखने वाली बात होगी कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होती है या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।










