Advertisement

राजापाकर सीएचसी में 73 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

-राजापाकर सीएचसी में 73 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर के परिसर में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य जांच के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 73 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान महिलाओं को गर्भावस्था में विशेष सावधानी बरतने और पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी गई।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने बताया कि शिविर में गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, एचआईवी, वजन और रक्तचाप सहित अन्य आवश्यक जांच की गई। चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार महिलाओं को निःशुल्क दवाएं भी दी गईं। इनमें कैल्शियम, आयरन और विटामिन बी कॉम्प्लेक्स की गोलियां शामिल थीं।

चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को भारी वजन नहीं उठाने तथा भोजन में हरी साग-सब्जियां, फल, दूध, अंडा, मछली सहित अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने की सलाह दी। साथ ही सुरक्षित प्रसव के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ही प्रशिक्षित चिकित्सक और एएनएम की देखरेख में डिलीवरी कराने पर जोर दिया गया।

शिविर में डॉ. मनीषा, डॉ. सतीश वर्मा और डॉ. अनिरुद्ध ने महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की। वहीं, एएनएम हेमा कुमारी, सोनी कुमारी, पूजा कुमारी, पल्लवी कुमारी और निशा कुमारी ने सहयोग किया। आशा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड की विभिन्न पंचायतों और वार्डों से गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।