Advertisement

राजापाकर में नेत्र जांच शिविर, 306 बच्चों की आंखों की हुई जांच, 60 में मिला दृष्टि दोष

-राजापाकर में नेत्र जांच शिविर, 306 बच्चों की आंखों की हुई जांच, 60 में मिला दृष्टि दोष

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। पीएमश्री मध्य विद्यालय राजापाकर के परिसर में शुक्रवार को लाइंस क्लब ऑफ पाटलिपुत्रा के तत्वावधान में नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के 306 छात्र-छात्राओं की आंखों की जांच की गई, जिसमें 60 बच्चों में दृष्टि दोष पाया गया। इन बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर की ओर से निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा।

लाइंस क्लब ऑफ पाटलिपुत्रा के सचिव डॉ. एसके रावत ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों में आंखों से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है। बच्चों की आंखों की जांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव रंजन एवं उनकी टीम ने की।

इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने बच्चों को आंखों की नियमित देखभाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आंखें शरीर का बेहद संवेदनशील अंग हैं, इसलिए इनकी सुरक्षा और देखभाल जरूरी है। उन्होंने बच्चों को हरी पत्तेदार सब्जियां और पौष्टिक आहार खाने तथा बाजार के फास्ट फूड से बचने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि पढ़ाई के दौरान देखने में कठिनाई या आंखों से संबंधित कोई समस्या होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर निःशुल्क जांच करानी चाहिए। स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद से जांच के साथ आवश्यक दवाएं और चश्मे भी निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं।

शिविर के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। मौके पर बीसीएम रामराज सिंह, विद्यालय के प्राचार्य प्रभात कुमार चौधरी सहित शिक्षक देवानंद दास, दिलीप कुमार शाह, हरिनंदन कुमार, धर्मेंद्र कुमार गुप्ता, रीता कुमारी, मीरा कुमारी, सोनम कुमारी, किरण कुमारी और मीना कुमारी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।