Advertisement

मुजफ्फरपुर में नव चयनित पैरा लीगल वालंटियर्स के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम शुरू

-मुजफ्फरपुर में नव चयनित पैरा लीगल वालंटियर्स के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम शुरू

मुजफ्फरपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर में पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) के रिक्त पदों पर नव चयनित पारा विधिक स्वयंसेवकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सुश्री श्वेता कुमारी सिंह ने मंगल दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य नव चयनित पारा विधिक स्वयंसेवकों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के गठन, उसकी कार्यप्रणाली, पैरा लीगल वालंटियर्स के कर्तव्यों एवं दायित्वों के साथ-साथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है, ताकि वे जरूरतमंद लोगों तक विधिक सहायता एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें।


कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तेज कुमार प्रसाद सहित अन्य प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने विधिक जागरूकता, निःशुल्क विधिक सहायता, सामाजिक उत्तरदायित्व और समुदाय के बीच पैरा लीगल वालंटियर्स की भूमिका पर विस्तृत जानकारी साझा की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बताया कि यह प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम शुक्रवार को भी जारी रहेगा, जिसमें स्वयंसेवकों को अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।