-मुजफ्फरपुर में घने कोहरे का कहर, स्कॉर्पियो की चपेट में आने से मछली कारोबारी की मौत
-अहियापुर में सड़क किनारे मिला बाइक सवार का शव
-बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर से हुई पहचान, पुलिस जांच में जुटी
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र में घने कोहरे के बीच हुए सड़क हादसे में बाइक सवार मछली कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बैरिया निवासी यशवंत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। गुरुवार की सुबह टहलने निकले लोगों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अहियापुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया।

थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घने कोहरे के कारण सड़क हादसा होने की बात सामने आई है। आशंका है कि बाइक सवार किसी स्कॉर्पियो की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल से बरामद बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक मछली का कारोबार करते थे। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के मौके पर पहुंचने और उनका बयान दर्ज होने के बाद हादसे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।











