Advertisement

मुजफ्फरपुर में कथित अपहरण का हाई-प्रोफाइल मामला: जांच में सामने आया प्रेम प्रसंग का एंगल, एक गिरफ्तार

-मुजफ्फरपुर में कथित अपहरण का हाई-प्रोफाइल मामला: जांच में सामने आया प्रेम प्रसंग का एंगल, एक गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। जिले में कथित अपहरण का हाई-प्रोफाइल मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। जिस थार वाहन पर राजद का बैनर और पोस्टर लगा था, उससे युवक के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। हालांकि, शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
घटना काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस के पास की है। रविवार शाम करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि राजद के झंडे और पोस्टर लगी एक थार गाड़ी से एक युवक का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कथित अपहृत युवक को चांदनी चौक के पास घायल अवस्था में छोड़कर थार सवार फरार हो गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया और उसके बयान के आधार पर जांच तेज कर दी।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर जिलेभर में हाई अलर्ट जारी किया गया। वाहन जांच अभियान के दौरान महज तीन घंटे के भीतर पुलिस ने सरैया थाना क्षेत्र से संदिग्ध थार को बरामद कर लिया। साथ ही कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी मोहम्मद रहमान को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, उसके कुछ साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
टाउन डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले के केंद्र में एक युवती है, जिससे दोनों युवकों के संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इस बार विवाद कथित तौर पर अपहरण और हमले तक पहुंच गया।
फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला केवल प्रेम प्रसंग से उपजी रंजिश का था या इसके पीछे कोई अन्य साजिश भी शामिल थी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।