-मुजफ्फरपुर में अत्याधुनिक हथियार संग युवक का वीडियो वायरल, SSP ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
-सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ बयान से बढ़ी हलचल
-वीडियो और हथियार की सत्यता की जांच में जुटी पुलिस
मुजफ्फरपुर। जिले में सोशल मीडिया पर एक युवक का अत्याधुनिक हथियार के साथ वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में एक युवक कार के भीतर बैठा दिखाई दे रहा है, जिसके हाथ में संदिग्ध ऑटोमैटिक हथियार जैसा दिखने वाला हथियार नजर आ रहा है। वीडियो में युवक कथित तौर पर भड़काऊ बातें करता भी सुनाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो में दिख रहा युवक सकरा थाना क्षेत्र के सबहा गांव का निवासी विवेक सिंह राजपूत बताया जा रहा है। वीडियो में वह कथित रूप से जातिगत टिप्पणी करते हुए यह कहता सुनाई दे रहा है कि यदि उसके समाज के खिलाफ कोई बात हुई तो वह गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके को दहला देगा। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक काँतेश कुमार मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय या विद्वेष फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की तकनीकी टीम और संबंधित थाना पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
एसएसपी ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता, उसके निर्माण का समय और स्थान तथा वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार की वैधता की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो हाल का है या पुराना तथा इसमें प्रयुक्त हथियार लाइसेंसी है या अवैध। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले के सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा।












