-मुजफ्फरपुर में अंधविश्वास के नाम पर महिला से लाखों के जेवर ठगे, शनि दोष का डर दिखाकर वारदात
मुजफ्फरपुर। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का सहारा लेकर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दो शातिर ठगों ने एक महिला को शनि की दशा खराब होने और परिवार पर बड़ी विपत्ति आने का भय दिखाकर सोने-चांदी के जेवर अपने कब्जे में ले लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने ब्रह्मपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दिए आवेदन में संजय सिनेमा कॉलोनी (रोड नंबर-5) निवासी सीता गुप्ता ने बताया कि वह सुबह दीपक खरीदने के लिए बाजार जा रही थीं। इसी दौरान आयुष्मान अस्पताल के पास सड़क किनारे खड़े दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोककर बातचीत शुरू की। दोनों ने स्वयं को ज्योतिष का जानकार बताते हुए उनके भविष्य और ग्रह-दशा की चर्चा की।
महिला के अनुसार, ठगों ने कहा कि उनकी शनि की दशा खराब चल रही है और परिवार पर बड़ा संकट आने वाला है। इसके बाद उन्होंने गले में पहनी सोने की चेन को अशुद्ध बताते हुए उसे शुद्ध करने की बात कही। परिवार पर संकट की बात सुनकर महिला घबरा गई और अपने गले की करीब डेढ़ भर सोने की चेन, आधा भर सोने के टॉप्स तथा करीब एक भर चांदी की अंगूठी उतारकर उन्हें सौंप दी।

जेवर हाथ में मिलते ही दोनों आरोपी कुछ ही सेकेंड में वहां से फरार हो गए। कुछ देर बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने ब्रह्मपुरा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन रंजन ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर शालिनी कुमारी को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क पर अजनबियों द्वारा भविष्य, ग्रह-दशा, तंत्र-मंत्र या जेवर शुद्ध करने जैसी बातों में न आएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।












