Advertisement

मुजफ्फरपुर-बेतिया में मौसम ने बदली करवट, घने कोहरे की चादर में लिपटे ग्रामीण इलाके; बढ़ी कनकनी

-मुजफ्फरपुर-बेतिया में मौसम ने बदली करवट, घने कोहरे की चादर में लिपटे ग्रामीण इलाके; बढ़ी कनकनी

मुजफ्फरपुर/बेतिया। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड ने दस्तक दे दी है। बुधवार की सुबह मुजफ्फरपुर और बेतिया जिले में मौसम का मिजाज बदला नजर आया। मुजफ्फरपुर के शहरी और ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। वहीं, बेतिया में भी नवंबर महीने में पहली बार सुबह के समय धुंध देखने को मिली। सुबह की शुरुआत कोहरे और हल्की कनकनी के साथ हुई। ठंड बढ़ने से लोगों को गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेना पड़ा।
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां, बखरी, पहाड़पुर समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में बुधवार सुबह चारों तरफ कोहरे की सफेद चादर दिखाई दी। केवटसा गांव के खेत-खलिहानों, पेड़ों और पगडंडियों पर ओस की बूंदों के साथ धुंध ने मनमोहक नजारा पेश किया। सुबह की सैर पर निकले लोग प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते और मोबाइल कैमरे में इन खूबसूरत दृश्यों को कैद करते नजर आए।


कोहरे का असर सड़क यातायात पर भी देखने को मिला। कम दृश्यता के कारण मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन सहित ग्रामीण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। चालकों को दिन में भी हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर सफर करना पड़ा। सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ने से बुजुर्ग और बच्चे धूप निकलने तक अलाव तापते नजर आए। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ सूर्य की किरणों ने कोहरे को छांटना शुरू किया, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली।
इधर, बेतिया जिले में भी बुधवार की सुबह मौसम में बदलाव देखने को मिला। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में पहली बार सुबह आसमान में धुंध छाई रही। इससे दूर तक देखने में परेशानी हुई। सड़कों पर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी। घरों से सुबह निकले लोगों ने मौसम में हल्की ठंडक महसूस की। दिन चढ़ने के साथ धुंध छंटने और धूप निकलने की संभावना जताई गई।
मौसम में बदलाव के साथ ही सुबह और शाम के तापमान में गिरावट का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को सुबह की ठंड से बचाव की जरूरत है। वहीं, रबी फसलों की बुआई के दौर में किसान भी मौसम के उतार-चढ़ाव पर नजर बनाए हुए हैं। तापमान और नमी में बदलाव का खेती पर क्या असर पड़ेगा, इसे लेकर किसानों की चिंता बढ़ने लगी है।