Advertisement

मुजफ्फरपुर जंक्शन पर स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जागरूकता कार्यक्रम, सेल्फी बूथ बना आकर्षण

-मुजफ्फरपुर जंक्शन पर स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जागरूकता कार्यक्रम, सेल्फी बूथ बना आकर्षण

मुजफ्फरपुर। स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के तहत शनिवार को मुजफ्फरपुर जंक्शन पर विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों, स्कूली बच्चों और यात्रियों ने एकजुट होकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान स्टेशन परिसर में उत्साह और जागरूकता का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के तहत स्टेशन परिसर में ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ संदेश के साथ विशेष सेल्फी स्टैंड लगाया गया। स्कूली बच्चों और यात्रियों ने सेल्फी लेकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई और देश को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम में छात्रों ने रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ मानव श्रृंखला बनाकर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। छात्रों ने यात्रियों से रेलवे परिसर को साफ-सुथरा रखने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने और डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की।
स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों ने भी सेल्फी स्टैंड के पीछे खड़े होकर अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में स्टेशन अधीक्षक शिवदास, डीसीआइ राजेश रंजन और डिप्टी एसएस कॉमर्शियल मृत्युंजय शर्मा समेत कई रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन की इस पहल की यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सराहना की तथा ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रखने की जरूरत बताई।