-मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले 2023 बैच के प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी
-साझा किए अपने अनुभव
पटना। विशेष संवाददाता।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से रविवार को 2023 बैच के बिहार कैडर के 10 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में मुलाकात की। इस दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने अपनी ट्रेनिंग के दौरान जिलों में किए गए कार्यों के अनुभव साझा किए।
मुलाकात के दौरान उपस्थित अधिकारियों में सुश्री गरिमा लोहिया, श्री तुषार कुमार, श्री अनिरूद्ध पाण्डेय, सुश्री कृतिका मिश्रा, सुश्री आकांक्षा आनंद, श्री प्रद्युम्न सिंह यादव, सुश्री अंजली शर्मा, श्री रोहित कर्दम, सुश्री शिप्रा विजय कुमार चौधरी एवं सुश्री नेहा कुमारी शामिल थीं। इन 10 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों में 6 महिलाएं और 4 पुरुष हैं। इनमें 5 बिहार, 4 उत्तर प्रदेश और 1 राजस्थान के रहने वाले हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी भूमिका सरकार की नीतियों को धरातल पर उतारने में अहम होती है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि 10 प्रशिक्षु अधिकारियों में 6 महिलाएं हैं, जो महिलाओं की प्रगति का संकेत है।

मुख्यमंत्री ने बिहार में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल को भी रेखांकित किया और बताया कि पुलिस बल सहित राज्य की अन्य सरकारी सेवाओं में भी महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, श्री कुमार रवि एवं विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह उपस्थित रहे।
#BiharIASTraining #CMNitishKumar #WomenEmpowerment #BiharCadreIAS #AdministrativeTraining









