-मनीफुलकहां में विधायक ई. अजीत कुमार ने लगाया जनता दरबार, विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का किया समाधान
-जर्जर बिजली तारों को बदलने और नए ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश
कांटी। मनीफुलकहां में शनिवार को स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने विद्युत समस्याओं के समाधान को लेकर जनता दरबार लगाया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से पहुंचे उपभोक्ताओं ने बिजली आपूर्ति, जर्जर तार और ट्रांसफार्मर से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
ग्रामीणों ने बताया कि मनीफुलकहां के कई वार्डों में करीब 10 वर्षों से एलटी केबल जर्जर हैं। कई जगहों पर आज भी बांस-बल्ले के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है। इससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं, कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर के कारण भी उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है।

विधायक ने मौके पर मौजूद विद्युत विभाग के सहायक अभियंता सत्यपाल और कनीय अभियंता राजीव कुमार को समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने जर्जर एलटी केबल और पुराने तारों को बदलने तथा जरूरत के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के लिए डीपीआर तैयार करने को कहा।
विधायक ने मुशहर और रविदास बस्ती में बिजली आपूर्ति की समस्या दूर करने के लिए अलग-अलग 100 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने का भी निर्देश दिया। जनता दरबार में कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल में हुई गड़बड़ियों को भी सुधार कराया गया।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लें और सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें, ताकि लोगों को निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति मिल सके। जनता दरबार में स्थानीय मुखिया ज्ञान कौशिक, सुनील कुमार सिंह, सुरेश राम,वार्ड सदस्य प्रतिनिधि पप्पू तिवारी, सुधीर कुमार राम, प्रमोद राम, बालेंद्र राम, नरेश राम, गजेश राम, देवेंद्र राम ,सरिता देवी, महेश मांझी,पवन मांझी, उपेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, पंचायत समिति सदस्य राहुल कुमार, विजय मिश्रा, आदि प्रमुख लोग उपस्थित थे।












