-विभाग की वादाखिलाफी के खिलाफ राजस्व कर्मचारियों का महाधरना, आर-पार की लड़ाई का ऐलान
-लिखित सहमतियों को लागू होने तक सामूहिक अवकाश जारी रखने का निर्णय
मुजफ्फरपुर। बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ (महासंघ गोपगुट से सम्बद्ध) के आह्वान पर शनिवार, 28 नवंबर को जिला धरना स्थल पर राजस्व कर्मचारियों ने महाधरना एवं महाजुटान आयोजित कर विभाग की वादाखिलाफी के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया। धरना में शामिल कर्मचारियों ने पूर्व में बनी लिखित सहमतियों को अविलंब लागू करने की मांग करते हुए स्पष्ट किया कि जब तक सहमतियों का अक्षरशः क्रियान्वयन नहीं होता, तब तक सामूहिक अवकाश वापस लेने का सवाल नहीं है।
धरना में वक्ताओं ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर दो बार लिखित सहमति बनने और एक बार मुख्य सचिव स्तर से अनुमोदन मिलने के बावजूद अब तक उन फैसलों को लागू नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने इसे विभाग की वादाखिलाफी बताते हुए कहा कि लगातार काम और अभियानों का दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन अधिकार, सुविधाएं, संसाधन और सेवा संबंधी मांगों की अनदेखी की जा रही है।

वक्ताओं ने विशेष भूमि सर्वेक्षण की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद सर्वेक्षण कार्य अपेक्षित परिणाम तक नहीं पहुंच सका है। कर्मचारियों ने सर्वेक्षण कार्य और सरकारी खर्च का स्वतंत्र मूल्यांकन कराने की मांग की। साथ ही अधूरे सर्वेक्षण कार्यों की जिम्मेदारी नियमित राजस्व कर्मचारियों पर डालने की कोशिश पर भी विरोध जताया।
राजस्व महाभियान और फार्मर रजिस्ट्री को लेकर भी कर्मचारियों ने चिंता जताई। संघ का आरोप है कि पर्याप्त तैयारी, आधारभूत संरचना और तकनीकी सुविधाओं के बिना नए अभियान शुरू किए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है। आवासीय भूमि पर मकान बने होने के बावजूद कुछ छोटे भूखंडों को कृषि भूमि मानकर फार्मर रजिस्ट्री कराने के दबाव की भी आलोचना की गई।
कर्मचारियों ने कहा कि राजस्व व्यवस्था की रीढ़ राजस्व कर्मचारी हैं। संसाधनों की कमी, अत्यधिक कार्यभार और कर्मचारियों की कमी के बीच उनसे लगातार लक्ष्य पूरा करने की अपेक्षा करना उचित नहीं है। संघ ने चेतावनी दी कि दबाव, कार्रवाई या दमनात्मक आदेशों से आंदोलन को कमजोर नहीं किया जा सकता।
धरना के अंत में कर्मचारियों ने एकजुट होकर कहा कि अब नए आश्वासन या मौखिक भरोसे पर आंदोलन समाप्त नहीं होगा। पूर्व में बनी लिखित सहमतियों का अविलंब क्रियान्वयन ही उनकी मुख्य मांग है।
धरना को बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ, जिला शाखा मुजफ्फरपुर के सचिव विकास कुमार एवं अध्यक्ष कन्हाई कुमार ने संबोधित किया।












