भाकपा-माले की बदलो बिहार – न्याय यात्रा की तैयारियों पर बैठक संपन्न
-22 अक्टूबर को बिरौली चौक से शुरू होगी यात्रा
पूसा।संवाददाता।
भाकपा-माले की पूसा प्रखंड कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को ठहरा पंचायत में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड सचिव अमित कुमार ने की, जबकि बतौर पर्यवेक्षक भाकपा-माले के जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली “बदलो बिहार – न्याय यात्रा” की तैयारियों की समीक्षा करना था।
बैठक के दौरान यात्रा की सफलता के लिए विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रो. उमेश कुमार ने कहा कि बिहार में दलितों पर हो रहे अत्याचार और राज्य की बदहाली के खिलाफ पार्टी ने न्यायपूर्ण नए बिहार की दिशा में पदयात्रा शुरू की है। उन्होंने कहा कि भाकपा-माले की यह यात्रा बिहार में डबल इंजन सरकार के दावों की पोल खोलने और जनता को न्याय दिलाने के लिए है।
प्रखंड सचिव अमित कुमार ने जानकारी दी कि 22 अक्टूबर को पूसा के बिरौली चौक से बदलो बिहार – न्याय यात्रा की शुरुआत होगी, जो समस्तीपुर पहुंचकर मधुबनी से आ रही पदयात्रा में शामिल होगी और फिर विभूतिपुर जाएगी। यात्रा के दौरान जनता के बीच जागरूकता फैलाने के लिए पर्चे, बैनर और झंडे की पूरी व्यवस्था की गई है।

अमित कुमार ने बताया कि यात्रा का समापन 27 अक्टूबर को पटना में एक बड़े न्याय सम्मेलन के रूप में होगा। इस बैठक में जिला कमिटी सदस्य महेश कुमार, रौशन कुमार, सुरेश कुमार, रविन्द्र कुमार सिंह, दिनेश राय और जितेन्द्र राय भी मौजूद थे।












