-बोचहाँ में भूमि विवाद ने ली हिंसक करवट: पुलिस पर जानलेवा हमला, महिला सिपाही गंभीर घायल
मुजफ्फरपुर/बोचहाँ। संवाददाता ।
बोचहाँ थाना क्षेत्र के बल्थी रसूलपुर गांव में रविवार को भूमि विवाद एक बार फिर हिंसा की भेंट चढ़ गया। अवैध निर्माण रोकने पहुंची पुलिस टीम पर दर्जनों लोगों ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में महिला सिपाही कंचन कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज बोचहाँ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवादित जमीन पर निर्माण कार्य रोके जाने को लेकर अनुमंडल दंडाधिकारी, मुजफ्फरपुर पूर्वी न्यायालय में मामला संख्या M-1403/2023 दर्ज है। प्रथम पक्ष सविता कुमारी द्वारा दायर शिकायत पर न्यायालय ने पुलिस को स्थल निरीक्षण कर निर्माण रोकने का आदेश दिया था। इसी आदेश के अनुपालन में थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम जब रविवार दोपहर स्थल पर पहुंची, तो पहले से मौजूद उपद्रवियों की भीड़ ने हमला बोल दिया।

हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर चलाए और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। महिला सिपाही कंचन कुमारी को न सिर्फ पीटा गया बल्कि उनकी वर्दी फाड़ दी गई और सिर पर ईंट से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव किसी तरह जान बचाकर वहां से निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और लगभग आधे घंटे के भीतर पांच गाड़ियों में भारी फोर्स के साथ फिर से गांव पहुंची, लेकिन तब तक अधिकतर आरोपी फरार हो चुके थे। हालांकि, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमले में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
#बोचहाँ_हिंसा
#पुलिस_पर_हमला
#भूमि_विवाद
#महिला_सिपाही_घायल
#मुजफ्फरपुर_ख़बर
#LawAndOrder
#AttackOnPolice
#JusticeForKanchan
#BiharNews












