-बेलगाम हाईवा ने मजदूर को कुचला, मौके पर मौत;आक्रोशित ग्रामीणों ने 12 घंटे तक सड़क जाम रखा
-दरवाजे के बाहर बैठे युवक को मिट्टी लदे हाईवा ने रौंदा, चालक फरार -पुलिस ने सड़क पर लगवाया बैरिकेड
मुजफ्फरपुर। जिले के तुर्की-सरैया मार्ग पर छाजन गंगाराम दलित टोला के समीप शुक्रवार की रात तेज रफ्तार मिट्टी लदे हाईवा की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी नरेश मांझी के 30 वर्षीय पुत्र कुमोद मांझी के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक हाईवा लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जाता है कि कुमोद मांझी मजदूरी कर पत्नी और बच्चों का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार की रात वह अपने दरवाजे के बाहर बैठे थे। इसी दौरान तुर्की की ओर जा रहे मिट्टी लदे हाईवा ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और परिजन उन्हें जीवित होने की उम्मीद में नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार रात करीब नौ बजे तुर्की-सरैया मार्ग को जाम कर दिया। शनिवार सुबह नौ बजे तक करीब 12 घंटे सड़क पर आवागमन बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर तुर्की थाना पुलिस रातभर लोगों को समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन ग्रामीण फरार चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।
शनिवार सुबह एसडीपीओ पश्चिमी-2 एसी ज्ञानी और तुर्की थानाध्यक्ष सेंटू कुमार जामस्थल पर पहुंचे। उनके साथ मुखिया सुमंगल सहनी, जदयू नेता आलोक यादव, वार्ड सदस्य पप्पू निषाद और पूर्व मुखिया शंकर मांझी भी मौजूद रहे। पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया तथा मुआवजे की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद सड़क पर लोहे का बैरिकेड लगवाया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
जाम हटने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, फरार हाईवा और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन में जुटी है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।












