Advertisement

स्थानांतरण पर शिक्षिका सुप्रिया सुमन को दी गई भावभीनी विदाई, शिक्षकों और बच्चों ने साझा किए अनुभव

-स्थानांतरण पर शिक्षिका सुप्रिया सुमन को दी गई भावभीनी विदाई, शिक्षकों और बच्चों ने साझा किए अनुभव

-नवाचार से विद्यालय में वैज्ञानिक सोच और विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने में निभाई अहम भूमिका

मुजफ्फरपुर। बंदरा प्रखंड के राजकीय बुनियादी विद्यालय, पीयर में विद्यालय अध्यापक सुप्रिया सुमन के स्थानांतरण पर शनिवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया। प्रधानाध्यापक की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की उपस्थिति में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक ने कहा कि सुप्रिया सुमन के अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि विद्यालय के बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित हुई और विज्ञान के प्रति उनकी रुचि बढ़ी। उनके द्वारा अपनाए गए नवाचारों से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आया। उन्होंने कहा कि सुप्रिया सुमन ने अपने कार्यों और समर्पण से बच्चों के बीच एक अलग पहचान बनाई है।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों ने अपने विचार साझा किए और उनके कार्यकाल की सराहना की। शिक्षकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन वरीय शिक्षक चंदन कुमार ने किया। मौके पर शिक्षिका वीणा कुमारी, ऊषा शर्मा, शिक्षक उमेश सिंह, गंगा कुमारी, सौरभ कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।