Advertisement

बेनीबाद के मिश्रौली में बाढ़ व कटाव से होती है परेशानी,रोकने की उठी मांग; पंचायत समिति ने प्रशासन से लगाई गुहार

-बेनीबाद के मिश्रौली में बाढ़ व कटाव से होती है परेशानी,रोकने की उठी मांग; पंचायत समिति ने प्रशासन से लगाई गुहार

गायघाट/दीपक कुमार। बेनीबाद क्षेत्र के मिश्रौली गांव में हर बार बागमती नदी से होने वाली कटाव और बाढ़ के खतरे को देखते हुए स्थानीय पंचायत समिति सदस्य विभा देवी एवं उनके पति महेश्वर कुमार राय ने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से तत्काल एवं स्थायी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
उन्होंने जिलाधिकारी, एसडीओ, गायघाट के अंचलाधिकारी तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को मांगपत्र सौंपकर कहा कि मिश्रौली सहित आसपास के केवटसा और जमालपुर कोदई क्षेत्र हर वर्ष बागमती नदी की बाढ़ और तेज कटाव की चपेट में आ जाते हैं। कई बार नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने पर लोगों के घर, खेत और तटबंध पर खतरा मंडराने लगता है।


पंचायत समिति की ओर से मांग की गई है कि बाढ़ के दौरान संवेदनशील स्थलों पर तत्काल बालू-मिट्टी से भरे जियो बैग और बोल्डर लगाकर कटाव रोका जाए, ताकि ग्रामीणों की जान-माल और कृषि भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
साथ ही उन्होंने बागमती नदी के किनारे स्थायी कटावरोधी कार्य और मजबूत तटबंध निर्माण कराने की भी मांग की है। उनका कहना है कि हर वर्ष अस्थायी उपायों से समस्या का समाधान नहीं हो पाता, इसलिए दीर्घकालिक योजना के तहत पक्का कटावरोधी निर्माण कराया जाए।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे आगामी बाढ़ के दौरान क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।