Advertisement

बेनीबाद के बठवाड़ा में ट्रक से 127 कार्टन विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार; उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई

-बेनीबाद के बठवाड़ा में ट्रक से 127 कार्टन विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार; उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई

गायघाट | दीपक कुमार।
बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बावजूद शराब तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर अवैध शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर के बेनीबाद थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमेंट की बोरियों की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही 127 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। उत्पाद विभाग ने ट्रक को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बेनीबाद थाना क्षेत्र के बरुआरी और शिवदहा गांव की ओर एक डीसीएम ट्रक में सीमेंट की बोरियों के बीच भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप पहुंचाई जा रही है। सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन कर तत्काल छापेमारी की गई।


जब टीम बरुआरी गांव पहुंची तो संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख चालक वाहन लेकर गांव से निकलकर जंगल की ओर भागने लगा। उत्पाद विभाग की टीम ने उसका पीछा किया। काफी दूर तक पीछा करने के बाद चालक शिवदहा पंचायत के बठवाड़ा गांव के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
इसके बाद उत्पाद विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर उत्पाद थाना पहुंचाया। तलाशी के दौरान सीमेंट की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई 127 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब सिक्किम एक्साइज की ग्रीन लेवल ब्रांड की बताई जा रही है।
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की जा रही है। फरार चालक समेत इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।
उत्पाद विभाग यह भी जांच कर रहा है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। विभाग का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।