Advertisement

बीएचयू के प्राचीन भारतीय इतिहास विभाग का शताब्दी समारोह एवं भारती महाविद्यालय का प्लेटिनम जुबली उत्सव संपन्न

-बीएचयू के प्राचीन भारतीय इतिहास विभाग का शताब्दी समारोह एवं भारती महाविद्यालय का प्लेटिनम जुबली उत्सव संपन्न

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग ने अपने शताब्दी वर्ष समारोह का भव्य शुभारंभ किया। इसी अवसर पर भारती महाविद्यालय का प्लेटिनम जुबली उत्सव भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. सुषमा घिल्डियाल (डीन, कला संकाय) ने दीप प्रज्ज्वलन और भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय को पुष्पांजलि अर्पित कर किया। विभागाध्यक्ष प्रो. एम.पी. अहिरवार, प्रो. प्रवेश कुमार श्रीवास्तव, प्रो. पुष्पलता सिंह, प्रो. सुमन जैन एवं प्रो. डी.के. ओझा सहित कई गणमान्य विद्वान मंचासीन रहे।

संगीत एवं मंच कला विभाग के छात्रों द्वारा प्रस्तुत बीएचयू कुलगीत से समारोह का वातावरण भावपूर्ण बन गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। स्वागत भाषण में विभागाध्यक्ष प्रो. अहिरवार ने विभाग की शताब्दी यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 1920 के दशक में स्थापित यह विभाग अब तक 65 से अधिक प्रमुख उत्खनन और विस्तृत अनुसंधान कार्य कर प्रागैतिहासिक से ऐतिहासिक काल तक की महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करा चुका है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शताब्दी समारोह स्टैंडी का अनावरण तथा पोस्टर एवं पुस्तिका का विमोचन रहा। इसी के साथ वर्षभर चलने वाले शैक्षणिक व सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर प्रो. डी.के. ओझा, प्रो. सुमन जैन, प्रो. पुष्पलता सिंह, प्रो. प्रवेश कुमार श्रीवास्तव एवं पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. ओ.एन. सिंह ने अपने विचार साझा किए। मुख्य अतिथि प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने अध्यक्षीय संबोधन में विभाग की उपलब्धियों की सराहना करते हुए भविष्य की गतिविधियों के लिए मार्गदर्शन दिया।

समापन सत्र में डॉ. सुजाता गौतम ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. अर्चना शर्मा, डॉ. जी.के. लामा, डॉ. अर्पिता चटर्जी, डॉ. मीनाक्षी सिंह, डॉ. निधि पांडेय, डॉ. राहुल राज सहित कई प्रतिष्ठित संकाय सदस्य, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्रगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनय कुमार ने किया।