-बेनीबाद थाने के नए प्रभारी ने संभाला कार्यभार, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की प्राथमिकता
दीपक कुमार | गायघाट
गायघाट प्रखंड के बेनीबाद थाने में नए थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार सिंह ने रविवार को कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वे गायघाट थाना में अनुसंधान इकाई में कार्यरत थे। उन्होंने राजकुमार गौतम का स्थान लिया है। राजकुमार गौतम का स्थानांतरण अहियापुर थाना किया गया है।
कार्यभार संभालने के बाद थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार सिंह ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था कायम रखना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।

उन्होंने कहा कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। शासन एवं पुलिस विभाग के निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए सभी कार्यों का क्रियान्वयन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून को हाथ में लेने वालों तथा किसी भी प्रकार का अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की कुचेष्टा या आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।












