Advertisement

बिहार में 50-60 हजार करोड़ निवेश करेंगे गौतम अदाणी, सारण में आई केयर प्रोजेक्ट की शुरुआत

-बिहार में 50-60 हजार करोड़ निवेश करेंगे गौतम अदाणी, सारण में आई केयर प्रोजेक्ट की शुरुआत

पटना/सारण। Gautam Adani रविवार को बिहार दौरे पर पहुंचे, जहां पटना एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए सारण जिले के मस्तीचक पहुंचे। यहां उन्होंने अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल में Adani Group के आई केयर प्रोजेक्ट का औपचारिक शुभारंभ किया। यह पहल अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल और Adani Foundation की संयुक्त परियोजना है।

परियोजना के तहत Adani Center for Eye Diseases और Adani Training Center for Ophthalmic Sciences की स्थापना एवं संचालन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और पिछड़े इलाकों में रहने वाले लोगों को सस्ती, सुलभ और आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

इस परियोजना को लेकर सारण समेत आसपास के जिलों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि केंद्र के शुरू होने के बाद स्थानीय स्तर पर लोगों को बेहतर और आधुनिक नेत्र चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी, जिससे इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।

कार्यक्रम में Priti Adani और Pranav Adani भी मौजूद रहे। इस दौरान गौतम अदाणी ने बिहार में 50 से 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े स्तर पर काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बिहार की धरती आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है। मस्तीचक और गायत्री मंदिर पहुंचकर उन्हें गहरी शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में कंपनी बिहार में शिक्षा क्षेत्र में भी काम करने की योजना बना रही है, जिसमें स्कूल और कॉलेज स्तर के प्रोजेक्ट शामिल होंगे।