-बिहार में भी खानदानी लफंगों की उल्टी गिनती शुरू : योगी आदित्यनाथ
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
मोतिहारी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार के अंदर भी अब माफिया की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। कांग्रेस, राजद और उनके सहयोगी दलों के लिए जनता ने पहले चरण के मतदान में ही रास्ता बंद कर दिया है। योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मोतिहारी के ढाका विधानसभा क्षेत्र के भेलवा हाई स्कूल के खेल मैदान में एनडीए प्रत्याशी और भाजपा विधायक पवन जायसवाल के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बिहार में जिन लोगों ने यहां की गौरवशाली परंपरा को कलंकित किया, समाज को बांटा और राज्य को लूटा वे खानदानी माफिया हैं। अब इनकी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। जनता ने तय कर लिया है कि 14 नवंबर को जब ईवीएम खुलेगा तो सिर्फ एक ही परिणाम आएगा फिर एक बार एनडीए सरकार। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में देश की तकदीर और तस्वीर दोनों बदली है। बिहार में सड़क, बिजली, पानी, रेलवे और एयर कनेक्टिविटी की सुविधाएं बेहतर हुई हैं।

केंद्र और राज्य की सरकारें लगातार लोककल्याणकारी योजनाओं पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि 12 करोड़ घरों में शौचालय बनाए गए। करोड़ों लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान मिले, तीन करोड़ गरीब परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया। महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर स्वावलंबी बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और राजद की सोच विकास विरोधी रही है। उन्होंने कहा, “याद कीजिए, कांग्रेस के लोग कहते थे कि भगवान राम हुए ही नहीं। राजद के लोगों ने भगवान राम मंदिर के निर्माण के लिए निकाली गई रथयात्रा को रोकने का पाप किया था। उनके सहयोगी समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। लेकिन हमने तब भी कहा था राम लला हम आएंगे, लाठी-गोली खाएंगे। और आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है।
उन्होंने कहा कि अब मां जानकी की नगरी सीतामढ़ी में भी भव्य मंदिर के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। यह काम केवल एनडीए ही कर सकता है और एनडीए ही करेगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सभा के अंत में ढाका विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी पवन जायसवाल को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।












