-बिहार में भीषण गर्मी का कहर: 14 जिलों में हीट वेव अलर्ट, कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचा
पटना। बिहार में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंचने के बाद मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 14 जिलों में हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। तेज धूप, गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विशेष रूप से दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में लू का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है, क्योंकि इस दौरान हीट स्ट्रोक का खतरा काफी बढ़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन के साथ-साथ रातों का तापमान भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। पटना का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि डेहरी राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अन्य जिलों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। कैमूर में 44.3 डिग्री सेल्सियस, गयाजी में 42.4 डिग्री सेल्सियस, बक्सर में 42.1 डिग्री सेल्सियस, अरवल में 40.4 डिग्री सेल्सियस और छपरा में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
गयाजी सहित कई जिलों में दोपहर के समय सड़कें सूनी दिखाई दीं और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

वहीं उत्तर बिहार के कुछ जिलों में मौसम ने थोड़ी राहत दी है। बीते 24 घंटों के दौरान मधुबनी, दरभंगा, मधेपुरा और खगड़िया में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मधुबनी के झंझारपुर में सबसे अधिक 95.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे तापमान में कुछ गिरावट महसूस की गई।
मौसम विभाग के अनुसार सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, शेखपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिलों में बादल छाए रहने और मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इन क्षेत्रों में तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना कम है। हालांकि 26 मई के आसपास कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। भागलपुर में तेज हवाओं का भी असर देखने को मिला, जहां हवा की रफ्तार 59 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।
विशेषज्ञों के अनुसार बिहार में फिलहाल दो अलग-अलग मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। पश्चिम और दक्षिण बिहार में शुष्क पछुआ हवाएं गर्मी बढ़ा रही हैं, जबकि उत्तर-पूर्वी बिहार में नमी युक्त हवाओं के प्रभाव से बादल और बारिश की स्थिति बन रही है। इसी कारण राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग स्वरूप देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने, धूप में निकलने से बचने और लू से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।












