Advertisement

बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार को फिर हो सकती है हाफ डे पढ़ाई, शिक्षा विभाग तैयारी में जुटा

-बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार को फिर हो सकती है हाफ डे पढ़ाई, शिक्षा विभाग तैयारी में जुटा

पटना:बिहार के सरकारी स्कूलों से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य में एक बार फिर शनिवार को स्कूलों में हाफ डे यानी आधे दिन की पढ़ाई व्यवस्था लागू किए जाने की तैयारी चल रही है। शिक्षा विभाग पुराने सिस्टम को बहाल करने की दिशा में काम कर रहा है, जिससे लाखों शिक्षक और करोड़ों छात्र-छात्राओं को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग इस प्रस्ताव को अंतिम रूप देने में जुटा है और संभावना है कि 31 मई तक इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया जा सकता है। विभागीय स्तर पर स्कूलों के समय, कार्य अवधि और साप्ताहिक शैक्षणिक व्यवस्था की समीक्षा के बाद शनिवार को अर्धदिवसीय पढ़ाई लागू करने पर सहमति बनी है।

सूत्रों के मुताबिक, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी जल्द ही इस संबंध में औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि नई व्यवस्था को लागू करने के लिए टाइम टेबल का प्रारूप तैयार किया जा चुका है और गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने पर नई व्यवस्था लागू हो सकती है।

इस बदलाव को करीब छह लाख सरकारी शिक्षकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। लंबे समय से शिक्षक संगठन शनिवार को हाफ डे व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे थे। माना जा रहा है कि नई व्यवस्था लागू होने से शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य, कॉपियों की जांच और आगामी सप्ताह की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। वहीं विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक दबाव से कुछ राहत मिल सकती है।

ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों के लिए भी यह निर्णय उपयोगी माना जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि मौसम और शैक्षणिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव आवश्यक है। अगर प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलती है, तो जून से राज्य के प्राथमिक, मध्य और माध्यमिक विद्यालयों में शनिवार को आधे दिन की पढ़ाई का नया सिस्टम लागू हो सकता है।