-बिहटा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का सीएम नीतीश ने किया स्पॉट विजिट
-हाल ही में केंद्र से मिला है 1413 करोड़
दीपक कुमार तिवारी।पटना।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहटा में बनाए जानेवाले अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट का स्पॉट विजिट किया। इस दौरान बिहटा एयरफोर्स स्टेशन के पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री को नक्शा के माध्यम से वहां शुरू कराए जानेवाले निर्माण कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा आधुनिक सुविधाओं से लैश होगी। हवाई यातायात को बेहतर बनाने के लिए यहां आधुनिकतम व्यवस्थाएं की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग चाहते हैं कि जल्द से जल्द इस एयरपोर्ट का निर्माण कार्य शुरू हो ताकि लोगों को हवाई यात्रा में और सहूलियत हो। इससे विभिन्न जगहों से लोगों को विमान से आने-जाने के लिए सुविधा मिलेगी। इस एयरपोर्ट के निर्माण से और कनेक्टिविटी बढ़ेगी। पटना एयरपोर्ट पर पड़ने वाला भार भी कम होगा। साथ ही रोजगार और कारोबार के अवसर भी बढ़ेंगे।

बिहटा एयरफोर्स बेस स्टेशन पर सिविल एनक्लेव बनाने की जब योजना बनाई गई तो राज्य सरकार ने 108 एकड़ भूमि की स्वीकृति दी और उसकी चहारदीवारी भी कराई गई। 8 एकड़ और जमीन देने की मांग एयर अथॉरिटी ने राज्य सरकार से की थी, जिसकी भी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। बिहटा एयरपोर्ट के लिए केंद्र सरकार ने 1413 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी है।
सीएम जब स्पॉट विजिट कर रहे थे तब उनके साथ मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना के जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा, बिहटा एयरफोर्स स्टेशन के पदाधिकारी और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अफसर भी मौजूद थे।











