Advertisement

बालेन सरकार के 100 दिन असफल, जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी: राजेन्द्र महतो

-बालेन सरकार के 100 दिन असफल, जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी: राजेन्द्र महतो

जनकपुरधाम/मधुकर। राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी नेपाल के अध्यक्ष एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री राजेन्द्र महतो ने बालेन सरकार के 100 दिनों के कार्यकाल को असफल बताते हुए उसकी कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शनिवार को आयोजित पत्रकार सम्मेलन में उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पुरानी विभेदकारी और अधिनायकवादी प्रवृत्तियों की ओर बढ़ रही है।
राजेन्द्र महतो ने कहा कि राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी को मिला प्रचंड जनादेश केवल सरकार बदलने के लिए नहीं था, बल्कि दशकों से संचित जन असंतोष, पीड़ा और असमानता को समाप्त करने की उम्मीद के साथ जनता ने समर्थन दिया था। उन्होंने कहा कि जब तक राज्य की सोच, नीतियों और संरचना में वास्तविक परिवर्तन नहीं होगा, तब तक उत्पीड़ित और वंचित समाज की आकांक्षाएं पूरी नहीं हो सकतीं।


उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों और भूमिहीन (सुकुम्बासी) बस्तियों को हटाने, सीमावर्ती नागरिकों के साथ कठोर व्यवहार करने, समानुपातिक समावेशिता को कमजोर करने तथा शिक्षा और स्वास्थ्य पर कर लगाने जैसी नीतियों के जरिए भेदभाव को संस्थागत रूप दे रही है।
महतो ने यह भी कहा कि सरकार के बजट में बिचौलियों और पूंजीवादी व्यवस्था को संरक्षण दिया गया है, जबकि किसानों, महिलाओं और प्रदेशों के हितों की अनदेखी की गई है।
उन्होंने न्यायपूर्ण, समावेशी और स्वाभिमानी नेपाल के निर्माण के लिए सभी राजनीतिक दलों, बुद्धिजीवियों, नागरिक समाज, युवाओं, किसानों और मजदूरों से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी नेपाल इस दिशा में हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है।