-बाकरपुर पोखर पर वर्षों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा फिर हुई जीवंत, भजन संध्या और संगीत प्रतियोगिता में कलाकारों ने बिखेरा जलवा
राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)। राजापाकर प्रखंड की बाकरपुर पंचायत स्थित बाकरपुर पोखर पर छठ पूजा के अवसर पर वर्षों से बंद पड़ी सांस्कृतिक परंपरा एक बार फिर जीवंत हो उठी। इस अवसर पर भजन संध्या एवं संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं, ग्रामीण कलाकारों ने ‘गरीबों का रावण’ नाटक का मंचन कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इसमें पुराने कलाकारों और समाज के वयोवृद्ध लोगों को सम्मानित कर उनके योगदान को याद किया गया।
संगीत प्रतियोगिता में डॉ. सुरेश शर्मा ने प्रथम, सुरेंद्र पासवान ने द्वितीय और रंजन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को नकद राशि, अंगवस्त्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में निरशन भगत, देवेंद्र महतो, अयोध्या ठाकुर, श्रीभगवान साह और सत्यप्रकाश वर्मा सहित कई वरिष्ठ नागरिकों एवं पुराने कलाकारों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, रामसूरत राय, डॉ. रामभजन राय, शिवचंद्र राय, हीरो राय और हरेंद्र साह समेत दर्जनों कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्कृति समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मुखिया दीपक सिन्हा, निर्देशक डॉ. मुस्तफा कमाल पाशा तथा सचिव पारसनाथ पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की पुरानी सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करना और नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं, कला एवं संस्कृति से जोड़ना है। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।












