-राजापाकर में पीएम मोदी की सभा को लेकर NDA ने झोंकी ताकत, बिहार सवर्ण आयोग के अध्यक्ष शाह महाचंद्र प्रसाद सिंह ने किया जनसंपर्क
राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)। वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड अंतर्गत जाफरपट्टी गांव में आगामी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित सभा को लेकर एनडीए के घटक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एनडीए कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं।
इसी क्रम में बिहार सवर्ण आयोग के अध्यक्ष शाह महाचंद्र प्रसाद सिंह ने गुरुवार को बेलकुंडा एवं राजापाकर स्थित केसीआई विद्यालय में बैठक कर लोगों से जनसंपर्क किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित सभा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देने और अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
शाह महाचंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा वैशाली से ही शुरू की है और यहां के लोगों से उनका पुराना जुड़ाव रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए हैं। वैशाली में बेंगलुरु की तर्ज पर इलेक्ट्रॉनिक सिटी और औद्योगिक पार्क का निर्माण होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और उन्हें रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की कि 21 नवंबर को अपने दैनिक कार्यों से समय निकालकर सभा में अवश्य पहुंचें। उन्होंने लोगों से कार्यक्रम शुरू होने से पहले सभा स्थल पर पहुंचकर आगे की पंक्ति में बैठने और प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने का आग्रह किया।
इस दौरान युवा विकास परिषद के अध्यक्ष किशलय किशोर, केसीआई के निदेशक एसपी सिंह, कुमार सौरभ, गुड्डू सिंह, अशोक सिंह, मिलन सिंह, अनिल शर्मा, अमरेश सिंह, लालजी राकेश, पप्पू कुमार, डब्लू शाह, अशोक वाटिका, सुनील कुमार सिंह, कमलेश कुमार, रवि रंजन कुमार, डॉ. अजय वर्धन, बबलू कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।












